Home Blog सरस्वती शिशु मंदिर मस्तूरी में गूंजा वंदे मातरम, सामूहिक गायन में उमड़ा...

सरस्वती शिशु मंदिर मस्तूरी में गूंजा वंदे मातरम, सामूहिक गायन में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का भाव

0
मुख्य अतिथि रहे मस्तूरी तहसीलदार लखेश्वर किरण

प्रमोद अवस्थी मस्तूरी

मस्तूरी। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में संपूर्ण भारत में निर्धारित समय सुबह 11 बजे एक साथ वंदे मातरम के पूर्ण पदों के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर मस्तूरी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भैया-बहनों के साथ समिति सदस्य, पूर्व छात्र, अभिभावक, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक सुबह 10:30 बजे से सभागार में उपस्थित रहे।

Ro.No - 14097/148

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसील मस्तूरी के तहसीलदार लखेश्वर किरण तथा मुख्य वक्ता बिलासपुर के प्रथम एवं आराध्या हॉस्पिटल के डायरेक्टर और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रजनीश पाण्डेय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं कृषि रत्न राघवेंद्र चंदेल ने की।

विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। इसके बाद अतिथियों ने भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निर्धारित समय से कुछ क्षण पूर्व वंदे मातरम गायन का निर्देश दिया गया और ठीक 11 बजे मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता, भैया-बहनों एवं सभी अभ्यागतों ने समवेत स्वर में वंदे मातरम के संपूर्ण पदों का गायन किया। लगभग 3 मिनट 15 सेकंड तक पूरा सभागार वंदे मातरम की स्वर लहरियों से गूंजता रहा।

मुख्य वक्ता डॉ. रजनीश पाण्डेय ने वंदे मातरम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। समिति के संस्थापक सदस्य बैसाखू प्रसाद सोनी ने चंद्रशेखर आजाद के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। मुख्य अतिथि लखेश्वर किरण ने विद्यार्थियों से कर्तव्य बोध एवं जीवन लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आग्रह किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में राघवेंद्र चंदेल ने भारतीय संस्कृति और उसके गौरव पर अपने विचार रखे। मंच पर उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी, सचिव दिनेश सराफ, सहसचिव सरोज राठौर सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्र सेविका समिति की सदस्य श्रीमती राधिका गुप्ता, श्रीमती उर्मिला सराफ, लायंस क्लब अध्यक्ष बसंत गुप्ता एवं लक्ष्मी पेंट्स के संचालक लक्ष्मी सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य श्रीमती सीमा राठौर ने किया। अंत में प्राचार्य संतोष कुमार पाण्डेय कृष्ण कुमार यादव तथा पाली प्रमुख ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः” मंत्र के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here