पूर्ण प्रक्रिया वाले हितग्राहियों के घरों में तत्काल सोलर संयंत्र लगाने के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन हितग्राहियों की योजना संबंधी सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनके घरों में तत्काल सोलर संयंत्र स्थापित किया जाए।
कलेक्टर ने जिले के मूल निवासी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अपने-अपने घरों में सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में स्टॉल लगाकर लोगों को योजना की जानकारी देने तथा आवेदन फॉर्म भरवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले में संचालित बड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित बड़ी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी तथा उनकी वर्तमान स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए विभागवार समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने हितग्राहीमूलक योजनाओं का क्रियान्वयन करने वाले विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों का एमआईएस तैयार करने तथा उसमें एजेण्डा भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं परियोजनाओं की पूरी जानकारी रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी तत्काल प्रस्तुत करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री ए..एस. पैकरा एवं श्री जी.डी. वाहिले, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



