भाजपा ने चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण का हवाला देकर विपक्ष के आरोपों पर उठाए सवाल
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भाजपा के अटल भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने कांग्रेस, INDIA गठबंधन और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को भ्रामक और बेबुनियाद बताया।
जानकी कोरसा ने कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है, जबकि चुनाव आयोग की ओर से विभिन्न मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की ओर से चुनाव आयोग के निर्णयों को लेकर दिए गए स्पष्टीकरण का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय आयोग के स्तर पर लिए गए हैं। आयोग के भीतर मतभेद होने के विपक्ष के दावे पर भी उन्होंने सवाल उठाए। कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र के संबंध में उन्होंने कहा कि इसे SIR अथवा किसी चुनावी नीति से जोड़कर देखना उचित नहीं है और आयोग ने इसे प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा प्रतिनियुक्ति से संबंधित आंतरिक विषय बताया है।
फॉर्म-6 को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर जानकी कोरसा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की मनमानी या हेरफेर नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि फॉर्म-5 और फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसके कामकाज पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को देखना चाहिए।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष लालू राठौर ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “चुनाव आयोग पर आरोप लगते ही सत्ता पक्ष भाजपा बचाव में क्यों उतरता है, यह रिश्ता क्या कहलाता है?”
लालू राठौर ने अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सरकार को भंग करने की मांग भी रखी।
इस तरह बीजापुर में चुनाव प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा जहां चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण को आधार बनाकर विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठा रही है, वहीं कांग्रेस निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष घासी राम नाग, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, मीडिया प्रभारी प्रताप यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



