प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। स्वच्छता में ही सेवा अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अभियान में झाड़ू पकड़ कर सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।
स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से अस्पताल के विभिन्न हिस्सों, आसपास के क्षेत्र एवं आने-जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में अनावश्यक रूप से जमा कचरे को हटाया गया तथा मरीजों और उनके परिजनों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
बीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। अस्पताल परिसर जितना स्वच्छ रहेगा, मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए वातावरण उतना ही सुरक्षित और स्वस्थ रहेगा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों से स्वच्छता व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखने तथा कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। अस्पताल आने वाले लोगों से भी परिसर में गंदगी नहीं फैलाने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की अपील की गई।
अभियान के दौरान बीएमओ डा अनिल कुमार, बीपीएम भूपेंद्र कुमार देवांगन,बीडीएम राधेश्याम सूर्यवंशी, बेटीओ संतोष महिलांगे, डा आशुतोष मिश्रा, नर्सिंग इंचार्ज अर्चना मसीह स्टोर इंचार्ज से वैभव मरावी साथ ही हरीश प्रजापति तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाने का संकल्प लिया। स्वच्छता में ही सेवा अभियान के माध्यम से मस्तूरी स्वास्थ्य केंद्र ने स्वच्छता के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।



