बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समर्थ-जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र, बीजापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग के आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, विधिक एवं साइबर जागरूकता तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोटाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे तथा अपर कलेक्टर एवं उप संचालक समाज कल्याण भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग ने वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और भरण-पोषण संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। पुलिस एवं कोषालय विभाग ने पेंशन, आभार योजना और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम में 45 वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक वितरित की गई। वहीं वरिष्ठजनों को शॉल, श्रीफल एवं फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अनुभवों को महत्व देने का संदेश दिया।



