उत्तर बस्तर कांकेर, दिव्यांगजनों एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के संबंध में आवश्यक सूचना जारी की गई है।
जारी सूचना के अनुसार दिव्यांग प्रमाण पत्र (नया/नवीनीकरण), विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श एवं उपचार की सुविधा निर्धारित तिथि पर आयोजित जिला स्तरीय शिविरों में ही उपलब्ध रहेगी। अतः जिन नागरिकों को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाना अथवा नवीनीकरण कराना है या विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं उपचार की आवश्यकता है, वे निर्धारित तिथि के जिला स्तरीय शिविर में ही पहुंचें।
वहीं, वर्तमान में आयोजित किए जा रहे शेष विकासखंड स्तरीय शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहेंगे। इन शिविरों में केवल प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपनी आवश्यकता के अनुसार सही शिविर स्थल पर पहुंचें। विशेषज्ञ जांच एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए केवल जिला स्तरीय शिविर में ही आएं।
यदि किसी कारणवश नागरिक जिला स्तरीय शिविर में उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो वे अपनी सुविधा के अनुसार जिला अस्पताल अथवा नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जाकर विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।



