कांकेर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा,अनकही कहानियाँ ’ विषय पर जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर को भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से जनसेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्रहित के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरुण कौशिक जी, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद कांकेर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम मे देवेंद्र भाऊ अध्यक्ष जनभागीदारी समिति, उत्तम यादव उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद कांकेर, विशेष अतिथि माननीय टी. आर. देवांगन डिप्टी कलेक्टर, तथा जनभागीदारी समिति के सदस्य धीरज जायसवाल, शशांक राय एवं जयप्रकाश गेडाम , माननीय श्रीमती उगेश्वरी पार्षद अलबेला पारा, एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे ।
मुख्य अतिथि अरुण कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता सहित विभिन्न जन जागरूकता अभियानों के संदेश को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देशहित और समाज हित के लिए नागरिकों द्वारा किए जाने वाले सेवा कार्य भी व्यापक रूप से सेवा संकल्प की भावना से जुड़े हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं।
देवेंद्र भाऊ ने ‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ विषय के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने तथा जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रभावी प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय चारामा, ठाकुर भावसिंह महाविद्यालय नरहरपुर, शासकीय नवीन महाविद्यालय सरोना ,शासकीय महाविद्यालय नरहरपुर तथा भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर की टीमों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता, स्वच्छता, सेवा भावना, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रहित से जुड़े संदेश सभी तक पहुंचाए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर के विद्यार्थियों ने प्रथम , शासकीय नवीन महाविद्यालय सरोना के विद्यार्थियों ने द्वितीय तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय नरहरपुर के विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती अलका केरकेट्टा के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. के. रामटेके के उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जनसामान्य तक सामाजिक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों मे सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता, और सेवा भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालयीन परिवार के साथ सरोना, नरहरपुर, चारामा के राष्ट्रीय स्वयं सेवक दल के अधिकारियों का भी पूर्ण सहयोग रहा।



