प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लूतरा में टीवी मुक्त पंचायत अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली मितानिनों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।
समारोह में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के लिए कार्य कर रही खोंधरा, बसहा, खांडा, नवागांव, हिंडाडीह, परसाही, कौवाताल, बरेली एवं पाराघाट की मितानिनों को सम्मानित किया गया। मितानिनों द्वारा घर-घर भेंट कर लोगों को नियमित रूप से दवा सेवन, समय पर जांच कराने तथा टीबी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर सरपंच चन्द्रमणी मरावी ने कहा कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके निरंतर प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय एवं प्रशंसनीय हैं। सरपंच चन्द्रमणी मरावी, सचिव देव सिंह ठाकुर, उपसरपंच जीवन सिदार, पूर्व सरपंच संतोष गंधर्व सहित पंच एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों ने मितानिनों को श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. अनिल कुमार, बीपीएम भूपेन्द्र देवांगन, मंजू जायसवाल, के.सी. देवांगन, एसटीएस प्रखर मिश्रा, फार्मासिस्ट राधवेन्द्र मरावी, स्टाफ नर्स शारदा सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव देव सिंह ठाकुर ने किया। आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक मितानिन कार्यक्रम मस्तूरी हीरालाल यादव ने किया। इस दौरान ग्राम के वरिष्ठ नागरिक, महिला समूह सदस्य एवं पत्रकार मोहम्मद नजीर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



