बीजापुर@ रामचन्द्रम एरोला – गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत एफ / 211वीं बटालियन सीआरपीएफ जांगला द्वारा एक दिन, एक साथ, एक घंटा राष्ट्रव्यापी श्रमदान अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया गया।
डॉ. विनोद कुमार टंडन, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमांडेंट इंचार्ज 211वीं बटालियन सीआरपीएफ के दिशा-निर्देशन में निरीक्षक / जीडी संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान आरोग्य मंदिर / सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जांगला, बालक आश्रम और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई।
अभियान में सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की परिचारिका पुष्पा गोटा ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। निरीक्षक / जीडी बी.एम. लालचंद और निरीक्षक / जीडी सुमन मिंज सहित जवानों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।
सीआरपीएफ जवानों ने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का संदेश भी दिया गया।



