केवतरा की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, अतिथियों ने किया सम्मानित
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान की कड़ी में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में मस्तूरी क्षेत्र के केवतरा की छात्रा प्रिया टंडन ने चित्रकला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से केवतरा सहित पूरे मस्तूरी क्षेत्र में खुशी की लहर है।
03 अक्टूबर 2026 को सेजेस शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिंदी माध्यम, बिलासपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘2047 का विकसित भारत एवं 25 वर्षों के बाद का भारत’ रखा गया था। इसमें बिलासपुर जिले के चारों विकासखंड बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर और कोटा के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में 80 तथा भाषण प्रतियोगिता में 40 प्रतिभागियों सहित कुल 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा अशोक विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे एवं जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मस्तूरी विकासखंड से बीईओ शिवराम टंडन के उत्साहवर्धक मार्गदर्शन दिशा-निर्देश तथा साथ में नोडल अधिकारी एबीईओ मीनाक्षी बेग के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। चित्रकला ‘अ’ वर्ग में मार्क नेशनल पब्लिक स्कूल केवतरा की छात्रा प्रिया टंडन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्रा को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
अपनी सफलता का श्रेय प्रिया टंडन ने अपने शिक्षक लोमश, शिक्षिका सरोजनी तथा माता-पिता केवतरा की सरपंच रेखा द्वारिका टंडन को दिया। प्रिया की उपलब्धि से लोगों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दिए इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।




