*पंप से ही पेट्रोल निकालकर डिब्बों में बेचने के आरोप, जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कार्यवाही की आश*
मस्तूरी। पचपेड़ी स्थित आरके लक्की फ्यूल्स पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली को लेकर ग्राहकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आए दिन पेट्रोल लेने पहुंचने वाले ग्राहकों को पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है, जबकि पंप परिसर से ही पेट्रोल निकालकर डिब्बों में बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आ रही है।
ग्राहकों का कहना है कि यदि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध है, तो आम ग्राहकों को पेट्रोल देने में परेशानी क्यों हो रही है? इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित खाद्य विभाग तथा पेट्रोलियम अधिकारियों से पंप के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायतों के बाद जिम्मेदार अधिकारी जांच और कार्रवाई करते हैं या मामला महज शिकायतों तक सीमित रह जाता है।
इस समस्या को लेकर खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि हमें शिकायत प्राप्त नहीं हुई है शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।



