यातायात नियमों, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगभग 500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को किया गया जागरूक।
कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर श्री शेर बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को पीएम श्री शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दुर्गूकोंदल एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय, कोड़ेकोर्से में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को सरल एवं संवादात्मक तरीके से विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई, जिससे वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकें।
महिला रक्षा टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए गए।
साइबर टीम द्वारा विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं संदिग्ध लिंक से होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को ओटीपी, एटीएम विवरण, यूपीआई पिन एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के महत्व से भी अवगत कराया गया।
📢 कांकेर पुलिस की अपील: यातायात नियमों का पालन करें, महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहें तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बरतें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।




