Home Blog टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कि़रोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय,...

टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कि़रोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में जागरूकता रैली का आयोजन

0

 

Ro.No - 14097/148

रायगढ़। जिले के अग्रणी महाविद्यालय कि़रोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी (क्षय रोग) के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

यह आयोजन 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी, रायगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोफिया अम्ब्रेला के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंतर्गत कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे द्वारा एनसीसी कैडेट्स को टीबी रोग के लक्षण, कारण, निदान, प्रकार, संक्रमण के प्रसार तथा बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है। समय पर जाँच और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित उपचार से इस बीमारी को ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स को टीबी से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई। रैली कलेक्ट्रेट मार्ग से होते हुए सिग्नल चौक पहुँची। वहाँ से आगे बढ़ते हुए चक्रधर चौक से होकर पुनः महाविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर जाँच एवं उपचार कराने तथा टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रोग के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

महाविद्यालय द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए जनहित एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here