चिन्नागेलूर में बीजापुर पुलिस की पहल, ग्रामीणों से किया संवाद; आत्मसमर्पित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चित रहे बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाकों में अब पुलिस ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग का रिश्ता मजबूत करने की पहल कर रही है। इसी कड़ी में तर्रेम थाना क्षेत्र के ग्राम चिन्नागेलूर में 15 अक्टूबर को बीजापुर पुलिस ने सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को साड़ी, बच्चों के कपड़े, खेल सामग्री किट, चरण पादुका सहित अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की। बच्चों को चॉकलेट और बिस्किट भी बांटे गए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा की उपस्थिति में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। अधिकारियों ने गांव के विकास, स्थानीय समस्याओं और ग्रामीणों की आवश्यकताओं पर चर्चा कर उनकी बातें सुनीं। साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
बंदूक की राह छोड़ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान गांव में निवासरत आत्मसमर्पित व्यक्तियों से भी मुलाकात की गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समाज की मुख्यधारा में रहकर आपसी भाईचारे, मेल-मिलाप और सद्भाव के साथ जीवन बिताने के लिए प्रोत्साहित किया।
धर्मांतरण विवादों को संवाद से सुलझाने पर जोर
ग्रामीणों के बीच धर्मांतरण से संबंधित विवादों को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने आपसी समझ, संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से विवादों का समाधान करने की समझाइश दी। साथ ही गांव में सामाजिक सद्भाव और पारस्परिक विश्वास बनाए रखने की अपील की।
सेवा और संवाद से विश्वास मजबूत करने की पहल
बीजापुर पुलिस का यह सिविक एक्शन कार्यक्रम ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी जरूरतों को समझने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। उपयोगी सामग्रियों के वितरण के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर पुलिस ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत करने पर जोर दिया।
पुलिस के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के साथ विश्वास और सहयोग का रिश्ता मजबूत करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।



