चक्रवात के कारण वर्षा की संभावना को देखते हुए आयोजन की तिथि में किया गया बदलाव
उत्तर बस्तर कांकेर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव की तिथि में बदलाव किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर को किया जाना था, लेकिन मौसम विभाग द्वारा चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 27 से 29 अक्टूबर तक वर्षा होने की संभावना जताए जाने के कारण अब इसका आयोजन 31 अक्टूबर शनिवार को प्रातः 10 बजे से नया बस स्टैंड डोम कांकेर में किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभागी के रूप में भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिताओं में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं।
युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।



