पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, डीएसपी (बा.वि.अ.अ.) सुश्री प्रतिभा लहरे एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे की उपस्थिति में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक श्री रमेश राम भगत एवं सहायक आरक्षक श्री अस्सी राम कोमरा के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के दीर्घ सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति समर्पण का स्मरण करते हुए उन्हें प्रतीक चिह्न, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की।
उप निरीक्षक श्री रमेश राम भगत ने दिनांक 09 मई 1994 को आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 32 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जिला गुना (मध्यप्रदेश) एवं जिला उत्तर बस्तर कांकेर के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में पदस्थ रहकर पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अपने सरल एवं शांत स्वभाव, कर्तव्यपरायणता तथा कार्य के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने अधिकारियों एवं सहकर्मियों के बीच विशिष्ट सम्मान अर्जित किया।
सहायक आरक्षक श्री अस्सी राम कोमरा ने दिनांक 02 अगस्त 2011 को सहायक आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 15 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी कर्मठता, अनुशासन एवं समर्पण से पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और उत्तरदायित्व का संकल्प है। दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन कर पुलिस विभाग की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका अनुभव, अनुशासन एवं सेवाभाव विभाग में कार्यरत भावी पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य लिपिक श्री विजय देवांगन, उप निरीक्षक श्री हनुमंत जैन, उप निरीक्षक श्री दयालु राम साहू, उप निरीक्षक श्री डोमार सिंह पिपरिया,प्रशिक्षु सूबेदार श्री रोहित वर्मा एवं प्रशिक्षु सूबेदार श्री संजय ध्रुव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।



