प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ मस्तुरिहा कलाकार मंच द्वारा मंगल भवन मस्तूरी में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्य, गायन, वादन, कला एवं साहित्यिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल से सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
समारोह का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मान देकर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाना रहा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और लोककला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कलाकारों एवं साहित्यकारों के योगदान को रेखांकित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर समाज और संस्कृति को समृद्ध बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ मस्तुरिहा कलाकार मंच की इस पहल को स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास माना गया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह ने सामाजिक समरसता, कला और साहित्य के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया।कार्यक्रम में स्थानीय तथा क्षेत्र के कलाकारों ने देर रात तक अपने-अपने कला का भावपूर्ण प्रदर्शन किए तथा यह कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मस्तूरी के लोकप्रिय विधायक दिलीप लहरिया थे। अन्य अतिथियों में प्रसिद्ध गायक वीरेंद्र चतुर्वेदी दुष्यंत खूंटे संस्थापक देव सिंह बंजारे, वरिष्ठ कवि दशरथ मतवाले उदय भार्गव, प्रमोद अवस्थी मनीषा पात्रे,विनोद बघेल भरत गुप्ता, भरत कुर्रे तथा भारी संख्या में ग्रामीणों के साथ कला प्रेमी उपस्थित थे।



