11 डाटा एंट्री ऑपरेटरों को हटाने और 66 धान खरीदी केंद्रों में प्रभारियों की नियुक्ति शीघ्र करने के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज प्रातः वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कांकेर जिले में धान खरीदी की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति तथा खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अब तक पूर्ण की गई तैयारियों एवं शेष व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
बैठक के पश्चात कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डाटा एंट्री ऑपरेटरों का अंतर-ब्लॉक स्थानांतरण करने तथा धान खरीदी में अनियमितता बरतने वाले 11 ऑपरेटरों को हटाने के आदेश तत्काल जारी करने को कहा। इसके अलावा शेष 66 धान खरीदी केंद्रों में खरीदी प्रभारियों की नियुक्ति शीघ्र करने और नवीन धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बफर लिमिट के आधार पर जिन धान खरीदी केंद्रों में उपार्जन क्षेत्र बढ़ाने की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हांकित करने तथा धान खरीदी प्रक्रिया की सतत निगरानी के लिए निगरानी समिति गठित करने को कहा। उन्होंने आगामी 10 नवम्बर को राइस मिलर्स की बैठक आयोजित करने तथा 11 नवम्बर को समिति प्रबंधकों, फड़ प्रभारियों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि धान उपार्जन शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुव्यवस्थित संचालन और किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी कार्य में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री भगवत प्रसाद जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज, जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती शांति ध्रुव, जिला विपणन अधिकारी श्री तामेश सिंह नागवंशी, सहकारिता अधिकारी श्री महेश मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



