त्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में शुरुआती जानकारी के अनुसार 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 28 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रशासन के मुताबिक, मंदिर के मुख्य मार्ग पर अचानक अत्यधिक भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते यह भगदड़ हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव व राहत कार्य शुरू किया।
शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई गई थी कि सीढ़ियों वाले रास्ते पर करंट फैलने के कारण भगदड़ मची होगी, लेकिन गढ़वाल के डीसी विनय कुमार ने इस बात को खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।”



