Home Blog नए वर्ष के पहले दिन सामूहिक न्यौता भोज में शामिल हुए कलेक्टर-एसपी

नए वर्ष के पहले दिन सामूहिक न्यौता भोज में शामिल हुए कलेक्टर-एसपी

0

उत्तर बस्तर कांकेर, 01 जनवरी 2026/ नूतन वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में जिले में संचालित सभी शासकीय विद्यालयों में आज सामूहिक न्यौता भोज का वृहत आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति, पालकों में बहुत ही उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में शासकीय कन्या पुत्री प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में यह आयोजन किया गया, जिसमें जिले के कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, निखिल अशोककुमार राखेचा पुलिस अधीक्षक सम्मिलित हुए। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों के साथ बैठकर सामूहिक रूप से न्यौता भोज किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारी कर्मचारियों तथा नागरिकों से अपील की कि वे भी अपनी वर्षगांठ या परिवारजन के जन्मदिन पर शासकीय विद्यालयों में न्यौता भोज का आयोजन अवश्य करें। इससे परस्पर सौहार्द्रता एवं सकारात्मकता विकसित होती है। एसपी श्री राखेचा ने कहा कि वह पहली बार इस तरह के न्यौता भोज का हिस्सा बने जो कि यादगार रहा, साथ ही उन्होंने अपने जन्म दिन पर भी इस प्रकार के न्यौता भोज का आयोजन नौनिहाल बच्चों के साथ करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नव वर्ष 2026 के आगमन के उपलक्ष्य में जिले के सभी 1511 प्राथमिक शाला, 604 माध्यमिक शाला यानी कुल 2115 विद्यालयों में सामूहिक भोज का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीण, शिक्षक आदि एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया जाता है। इस दौरान बच्चों को ब्लेजर, जूता मोजा, चॉकलेट और पौष्टिक भोजन प्रदान किया गया। इस दौरान अतिथियों के द्वारा जिले के शैक्षणिक कैलेंडर 2026 का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here