Pakistan: 20 people died, a bus going from a hilly area fell into a drain, a horrific road accident.
उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में शुक्रवार को एक यात्री बस पहाड़ी इलाके से फिसलकर खड्ड (नाले) में गिर गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के डायमेर जिले में काराकोरम राजमार्ग पर हुई। बस रावलपिंडी से हुंजा जा रही थी। इस दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।अधिकारी ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि बस में कितने यात्री सवार थे। घटना में घायल हुए कम से कम 15 लोगों को चिलास के एक अस्पताल में ले जाया गया है।अधिकारी ने बताया कि बचाव प्रयास जारी हैं और शवों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सूत्र ने कहा कि मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है क्योंकि घायलों में से कई की हालत गंभीर है।
गिलगित बाल्टिस्तान के सीएम ने हादसे पर जताया दुख
गिलगित बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री हाजी गुलबार खान ने घटना पर शोक व्यक्त किया और प्रशासन को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। गिल्टगिट-बाल्टिस्तान सरकार के प्रवक्ता फैजुल्लाह फराक ने कहा कि दुर्घटना के बाद चिलास अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
ब्राजील में बारिश का कहर, 13 मरे
दक्षिणी ब्राजील में तेज बारिश के चलते रियो ग्रांडे डो सुल प्रांत में इस सप्ताह भारी बारिश से 13 लोगों की मौत हो गई और 21 लोग लापता हैं। सरकार ने चेताया कि हालात गंभीर है और कुछ दिनों में ये और भी खराब हो सकते हैं। इतना ही नहीं, 3300 लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है।
यूएई में फिर खराब मौसम, कई उड़ानें रद्द
यूएई में भारी बारिश-तूफान से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस्तांबुल, जोहानिसबर्ग, नैरोबी, काहिरा, अम्मान व सिंगापुर के यात्रियों का रीबुकिंग शुल्क माफ किया गया है।
म्यांमार में फंसे 3 भारतीयों में से एक की वतन वापसी : भारत
म्यांमार में नौकरी के नाम पर ठगे गए भारतीय नागरिकों के मामले में विदेश मंत्रालय ने कहा कि तीन भारतीयों ने स्वदेश वापसी के लिए संपर्क किया था। एक को पहले ही वापस लाया जा चुका है, बाकी बचे दो लोगों की वापसी के लिए प्रयास जारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दो अन्य को लाने के लिए वहां का दूतावास इस पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में नौकरियों के लिए आवेदन करते समय सावधानी रखें। 2022 में भारत ने म्यांमार से 45 भारतीयों को बचाया था।
सोलोमन द्वीप के सांसदों ने पूर्व विदेश मंत्री को चुना नया पीएम
सोलोमन द्वीप के सांसदों ने पूर्व विदेश मंत्री जेरेमिया मनाले को देश का नया पीएम चुना है। सोलोमन द्वीप की हालिया वर्षों में चीन के साथ निकटता बढ़ी है। चीन समर्थक पूर्व पीएम मानासेह सोगावारे के सरकार प्रमुख के मुकाबले से नाम वापसी के बाद मनाले का मार्ग प्रशस्त हुआ।
पाकिस्तान: कॉलेज ने छात्राओं की राजनीतिक भागीदारी पर लगाई रोक
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के तिमरगारा के सरकारी स्नातकोत्तर कॉलेज ने छात्राओं को निर्देश जारी किए हैं, जिनमें परिसर से आने-जाने के दौरान राजनीतिक कार्यक्रमों, जन्मदिन समारोह और अन्य गतिविधियों में भाग लेने से बचने को कहा गया है। एक पाकिस्तानी अखबार ने यह जानकारी दी।
कॉलेज के मुख्य प्रॉक्टर प्रोफेसर रियाज मोहम्मद ने औपचारिक रूप से इन निर्देशों को प्रसारित किया और स्थानीय रीति-रिवाजों का पालन करने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह छात्राओं के सर्वोत्तम हित में है। डॉन के मुताबिक, उन्होंने शिक्षण संस्थानों में रिपोर्ट की गई घटनाओं का हवाला देते हुए फैसले को सही ठहराया और कहा कि उनके कॉलेज का उद्देश्य ऐसी घटनाओं को रोकना है।



