Organizing blood donation and free checkup camp: Youth showed their spirit of service
बिलाईगढ़ – बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम नवापारा में ग्राम पंचायत पंडरीपानी नवापारा के युवाओं द्वारा रविवार को एक दिवसीय रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो कि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
युवा नेता एवं रक्तदान वीर मिथलेश लहरें ने जानकारी देते हुए बताया कि नियमित रूप से रक्तदान करने से दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है और शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है, जिससे हृदय स्वस्थ रहता है। उन्होंने बताया कि कई बार मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है, ऐसे में समय पर रक्त उपलब्ध कराना जरूरी होता है और इसके लिए लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच करवाई और रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दिया। शिविर में विशेष रूप से सरपंच प्रतिनिधि प्रहलाद साहू, लोकनाथ लहरें, राम पंजक, कमलेश साहू, चरण रात्रे, योगेश साहू, लखन साहू, भूषण लहरें, त्रिलोकी साहू, सैम्युल जांगड़े, हरिशंकर साहू, अरमान ख़ान, समीर कमल, चिंता निराला, छमेश्वर बंजारे और मनीष जांगड़े सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने न सिर्फ रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी को भी उजागर किया।



