सरसीवा – भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर सरसीवा मंडल के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों में भव्य एवं ऐतिहासिक बाइक रैली तथा माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन क्षेत्र के छाया विधायक एवं जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश लाल जांगड़े के सशक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ।
रैली की शुरुआत उनके गृह ग्राम कोसमकुंडा से हुई, जो जैतपुर, ओड़काकन, पंडरीपाली, केरियारवार, तिहलीपाली, कोट, सरधाभाठा, बालपुर, मोहतरा, पीकरीपाली, तेंदुभाठा, तिलाईपाली, गाड़ापाली, कोदवा, सरसीवा, झुमका, बचौरडीह एवं बलौदी सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रत्येक गांव में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को नमन किया गया तथा सामाजिक समरसता, समानता और संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष झाड़ू साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता सेतु साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नारायण साहू, जिला संयोजक (आर्थिक प्रकोष्ठ) दुर्गेश केशरवानी, प्रदेश प्रवक्ता वेदराम जांगड़े, जिला उपाध्यक्ष चंचला महिलाने, मंडल महामंत्री ललिता निराला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस आयोजन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं लगभग 200 से अधिक सामाजिक साथियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा क्षेत्र उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर बाबा साहब के अमर संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को दोहराते हुए सभी ने समानता, न्याय एवं संविधान की रक्षा के लिए संकल्प लिया।



