157 people were examined in the health camp, women participated enthusiastically.
– एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
नई लेदरी (एमसीबी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चल रहे भाजपा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत शनिवार को नगर पंचायत नई लेदरी के गणेश मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक चले इस शिविर में कुल 157 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ लिया, जिनमें अधिकांश महिलाएँ शामिल रहीं।
इस अवसर पर खोगापानी, झगड़ाखांड सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग पहुंचे। शिविर में आयुर्वेद विभाग की डॉ. पूर्णिमा सिंह ने महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याएँ सुनीं और परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएँ भी प्रदान कीं। उनके साथ डॉ. मेघा गुप्ता, डॉ. अंजली त्रिपाठी तथा फार्मासिस्ट प्रेम कुमार यादव और गेंद सिंह कंवर उपस्थित रहे, जिन्होंने मरीजों को दवाइयाँ उपलब्ध कराईं।
भाजपा की ओर से हसदेव मंडल अध्यक्ष सुश्री बबिता सिंह, नगर पंचायत नई लेदरी के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, कीर्ति राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता, मण्डल महामंत्री भगवान दास, जितेन्द्र प्रताप सिंह समेत अनेक भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भाजपा ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का यह अभियान आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा।


