जरूरतमंदों को बांटी गई श्रवण मशीन, छड़ी और व्हील चेयर
एमसीबी/खोगापानी , 14 अप्रैल 2026 को
संविधान रचयिता भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती नगर पंचायत खोगापानी के वार्ड क्रमांक 03, अंबेडकर वार्ड एकता नगर में हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के संयोजक वार्ड क्रमांक 03 के वरिष्ठ पार्षद इरशाद अहमद एवं उनकी टीम द्वारा आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धीरेन्द्र विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ अंबेडकर जी का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए संविधान का निर्माण किया, जो आज भी देश की मजबूती का आधार है।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि बाबा साहब ने समाज को एक नई दिशा दी। उनका जीवन हमें शिक्षा ग्रहण करने, संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम संयोजक इरशाद अहमद ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।
भाजपा हसदेव मंडल महामंत्री भगवान दास ने कहा कि डॉ अंबेडकर जी ने संविधान के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में पिरोया और हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का कार्य किया। उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में रामा यादव, जितेंद्र गुप्ता, अब्दुल अजीज, पिंटू भास्कर, डॉ हरिलाल यादव एवं गोपाल दास सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु 10 श्रवण मशीन, 15 छड़ी एवं एक व्हील चेयर का वितरण किया गया। ये उपकरण पार्षद इरशाद अहमद द्वारा उपलब्ध कराए गए। सामग्री पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सेवा भाव और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।



