Grand Celebration of the Vidyarambh Sanskar with Traditional Dignity at MSP Public School
02 अप्रैल, 2026 दिन गुरुवार को एम एस पी पब्लिक स्कूल में नवप्रवेशित नन्हे विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ संस्कार का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर को आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यार्थियों ने प्रथम बार ‘ॐ’ तथा ‘अ’ अक्षर लिखकर अपने शैक्षणिक जीवन की औपचारिक शुरुआत की। यह क्षण उपस्थित अभिभावकों के लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण रहा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश चंद्र चौधरी द्वारा विद्यालय के कॉर्डिनेटर, इंचार्ज टीचर्स एवं मदर टीचर्स का परिचय विद्यालय परिवार से जुड़े नए अभिभावकों से करवाते हुए विद्यालय के नियम व अनुशासन से अवगत करवाया गया। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि विद्यारंभ संस्कार केवल शिक्षा का प्रारंभ नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण की यात्रा का प्रथम चरण है। उनके द्वारा अभिभावकों से विद्यालय के साथ समन्वय बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहभागिता निभाने का आग्रह किया गया।
अंत में सभी बच्चों को आशीर्वाद एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण वातावरण प्रदान किया जाएगा।



