Scientists from the Krishi Vigyan Kendra provided farmers with information on modern farming techniques.
उत्तर बस्तर कांकेर, 15 मई 2026/ कृषि एवं संवर्गीय विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विकासखंड चारामा की ग्राम पंचायत सिरसिदा में कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, बीज उत्पादन, मशीनीकरण, प्राकृतिक खेती एवं मिट्टी परीक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र कुमार तायडे़ ने किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम अपनाने एवं खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। वहीं कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रमोद नेताम ने कीटनाशक विषाक्तता एवं बीजोपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राजाराम नेताम ने पीएम किसान योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की जानकारी किसानों को दी। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी महेश सोनकर ने मिट्टी परीक्षण की आवश्यकता और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को पराली (फसल के अवशेष) नहीं जलाने तथा बेलर मशीन के माध्यम से उसका संग्रहण कर सदुपयोग करने की सलाह दी। साथ ही प्राकृतिक खेती योजना की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान 05 मई से विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में क्लस्टर स्तर पर लगातार आयोजित किया जा रहा है, जो 20 मई तक संचालित होगा। अभियान के माध्यम से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीक, नवाचार, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन संबंधी जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही है। किसानों में इस अभियान को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा ग्राम सिरसिदा के किसानों को उनके खेतों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट एवं मिट्टी परीक्षण कार्ड वितरित किए गए। विभाग द्वारा किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार रासायनिक खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह भी दी गई।
क्रमांक/509/सिन्हा


