District Hospital Bijapur has become a trusted center for medical treatment.
आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से मरीजों को मिल रहा त्वरित और सुलभ उपचार*
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिला अस्पताल बीजापुर में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार करते हुए आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे अब जिले के मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांच एवं उपचार सेवाएँ स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो रही हैं।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा पीजी-बॉण्ड के अंतर्गत रेडियोलॉजिस्ट डॉ. देवेंद्र कुमार की पदस्थापना के बाद जिला अस्पताल में 24×7 सीटी स्कैन एवं एक्स-रे सेवाएँ सुचारू रूप से प्रारंभ कर दी गई हैं। इसके साथ ही ओपीडी समय में सोनोग्राफी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे गंभीर एवं सामान्य मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार का लाभ मिल रहा है।
अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग को भी तकनीकी रूप से सशक्त किया गया है। पीजी-बॉण्ड के अंतर्गत डॉ. भूपेंद्र कुमार चंद्राकर की सेवाओं से अब कल्चर एवं सेंसिटिविटी, ब्लड, यूरिन, स्टूल सहित सभी आवश्यक संक्रमण संबंधी जांचें नियमित रूप से की जा रही हैं। इससे मरीजों को सटीक एवं समयबद्ध रिपोर्ट मिल रही है, जिससे उपचार निर्णय अधिक प्रभावी हो सके हैं।
बच्चों के लिए विशेष सुविधाएँ
जिला अस्पताल के एमसीएच भवन में बच्चों के लिए फिजियोथेरेपी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा विशेष रूप से उन बच्चों के लिए लाभकारी है जिन्हें बैठने, चलने या खड़े होने में कठिनाई होती है। प्रीमैच्योर, कम वजन वाले बच्चों के साथ-साथ सर्जरी या चोट के बाद रिकवरी कर रहे बच्चों को भी इससे लाभ मिल रहा है।
इसके अलावा नाक-कान-गला (ईएनटी) विभाग में स्पीच थेरेपी की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे बोलने या उच्चारण में समस्या वाले बच्चों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशासनिक सहयोग से मिली नई मजबूती
सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाइयों एवं प्रमुख जांचों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं कलेक्टर संबित मिश्रा की पहल पर जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के माध्यम से मरीजों के परिजनों के लिए भोजन वितरण व्यवस्था को पुनः नियमित किया गया है, जिससे दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। जिला अस्पताल बीजापुर में स्वास्थ्य सेवाओं के इस व्यापक विस्तार से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। अब नागरिकों को बेहतर इलाज, सटीक जांच और मानवीय सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जो जिले के लिए एक सराहनीय और सकारात्मक पहल है।



