ग्राम सुरोखी में स्थापित जिले के एक मात्र राहत शिविर में पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों से वस्तुस्थिति का लिया जायजा।
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बस्तर संभाग में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई, जिसके चलते प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा कर जिले के प्रभारी सचिवों को वस्तुस्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उक्त निर्देश के अनुपालन में बीजापुर जिले के प्रभारी सचिव डॉ सारांश मित्तर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर पीड़ितों से मुलाकात की।
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र में बाढ़ का असर सबसे अधिक हुआ है। ग्राम सुरोखी के 18 परिवार पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, जिन्हें जिला प्रशासन द्वारा राहत शिविर में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बाढ़ से गांव के सभी घर पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
प्रभारी सचिव ने पीड़ित परिवारों से मिलकर शासन द्वारा हर संभव मदद समय-सीमा में उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों से गांव की वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर बाढ़ से हुए नुकसान की शीघ्र भरपाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान सोलर ड्युल पंप की सफाई, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और सड़क मरम्मत कार्य कराने की बात भी कही। साथ ही मेडिकल टीम से स्वास्थ्य जांच की जानकारी ली।
डॉ मित्तर ने राहत शिविर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा प्रभावित परिवारों से परस्पर सहयोग की भावना से रहने की अपील की।
कलेक्टर संबित मिश्रा ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद दी जा रही है। नुकसान का सर्वे पूरा कर लिया गया है और शीघ्र ही आरबीसी 6-4 के तहत मुआवजा राशि स्वीकृत की जाएगी। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच और उपसरपंच ने भी गांव की वस्तुस्थिति से अवगत कराया।



