28 students from the district qualified for the JEE Mains entrance exam, 26 from the tribal category. Students from the district are performing well every year in the JEE entrance exam.
उत्तर बस्तर कांकेर, 18 फरवरी 2026/ जेईई मेंस प्रथम सेशन में भाग लिए छात्र छात्राओं में से गत सत्रों के पर्सेंटाइल के आधार पर जिले से 28 छात्रों ने जेईई मेंस परीक्षा हेतु क्वालीफाई करेंगे। जेईई के पिछले सत्र के पर्सेंटाइल जनरल 93.23, ओबीसी 79.676, एससी 60.092 एवं एसटी हेतु 46.698 पर्सेंटाइल रहा। इस सत्र में जिले में इन 28 छात्रों में से 01 छात्र ओबीसी तथा 26 छात्र एसटी, एवं 01 एससी संवर्ग से है जिनमें जेईई में 13 छात्रा एवं 15 छात्र, इस प्रकार कुल 28 विद्यार्थी क्वालीफाइड हुए हैं। सभी क्वालीफाइड छात्र जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरनत हैं इनमें से 05 छात्र प्रयास से और शेष 23 छात्र शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालयों में अध्ययनरत है। जिले के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इन बच्चों एवं इनके शिक्षकों व पालकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। जेईई परीक्षा द्वितीय सेशन एवं जेईई एडवांस की तैयारी हेतु विशेष आवासीय निःशुल्क कोचिंग बोर्ड परीक्षा उपरांत प्रारंभ किया जाएगा जिससे कि जिले से अधिक से अधिक बच्चों का चयन हो सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्र सौरभ कुमार मंडावी ने 82.34 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान बनाया है, वहीं शासकीय उमावि भीरागांव की कु. चंचल जो कि आदिवासी छात्रा है, ने 76.840 अंक व शास उमावि भिरागांव से ही हर्षल कुमार ने 75.980 तथा भूपेन्द्र कुमार महावे ने 73. 03 अंक प्राप्त किया। इसी तरह पीएमश्री दुर्दूकोंदल के भूपेश कुमार कोमरा ने 71.99 अंक, शास. उमावि अमोड़ा से कु. पायल ने 69.71 अंक, हायर सेकंडरी लोहत्तर से भावेश कुमार को 67.45 अंक प्राप्त हुए। इसके अलावा कोण्डे का छात्र रोशन गोटा को 56.75 अंक मिले।
इस संबंध में बताया गया कि जेईई मेंस क्वालीफाई करने वाले छात्रों को एसटी संवर्ग को बोर्ड कक्षा अर्थात 12वीं में 65 प्रतिशत या अधिक अंक लाना आवश्यक होता है। जेईई क्वालीफाई करने वाले छात्रों में कमशः अंतागढ से 06, भानुप्रतापपुर से 03, चारामा से 02. दुर्गूकोंदल से 07. कांकेर से 05 जिसमें प्रयास के ही 05 बच्चे हैं, जबकि नरहरपुर से 05, कुल 28 छात्रों ने जेईई एडवांस परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिला लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, चाहे जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा हो या एनएमएमएससी छात्रवृत्ति परीक्षा जिसमें गत वर्ष 326 छात्र चयनित हुए और अब जेईई मेंस हेतु 28 बच्चों का चयन होना हर्ष का विषय है। जिले में अभी जेईई एवं नीट परीक्षा हेतु छात्रों को परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है तथा निश्चित तौर पर इसके अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों निर्देशित किया है कि 25 फरवरी 2026 के पूर्व जेईई द्वितीय सेशन हेतु पंजीयन करा लिया जावे। जेईई मेन्स परीक्षा मई 2025 में आयोजित होगी, जिसके लिए प्रवेश परीक्षा हेतु शुल्क की प्रतिपूर्ति जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। प्राचार्य एवं एक नोडल व्याख्याता को ही उपरोक्त प्रक्रिया करने हेतु निर्देशित किया गया है।



