
मस्तूरी।डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल परसदा वेद मस्तूरी में हुआ सात कुंडी हवन एवं नशा मुक्ति अभियान। शाला में मकर संक्रांति, लोहड़ी, पोंगल के पावन पर्व पर सात कुंडी हवन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथियों सरपंच प्रतिनिधि कांति कुमार मस्तूरी, महिला संघ स्व सहायता समूह एवं पत्रकारों को हवन में आमंत्रित किया गया एवं वैदिक उच्चारण के साथ प्राचार्य महोदय गोढी एस एन पांडे ने हवन संपन्न कराया। शाला में हवन का मूलभूत उद्देश्य वातावरण में शुद्धता और मानसिक शांति रहा। शाला प्रांगण में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने आहूति दी साथ ही स्व-सहायता एवं पत्रकारों ने हवन किया। तत्पश्चात लोहड़ी की पूजा अर्चना एस एन पांडे प्राचार्य गोढी द्वारा की गई। लोहड़ी क्यों मनाया जाता है, इस पर उन्होंने ज्ञानवर्धक संभाषण दिया, बच्चों द्वारा पंजाब के लोकनृत्य को प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने रंग-बिरंगी पतंगे बनाई। शाला में रंग-बिरंगी पतंग के साथ आकाश में तितलियों की भांति पतंग का मनोरम दृश्य देखने के लिए मिला। बच्चे उमंग का प्रतीक होते हैं, यह उन्होंने पतंग उड़ाकर बताया। शाला में नशा मुक्ति के लिए सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथियों के साथ स्व सहायता समूह की महिलाएं भी सम्मिलित हुईं। नशा को दूर करने के लिए और आज के युवा पीढ़ी को इस भयंकर अभिशाप से बचने के लिए बहुत सारे बिंदुओं पर विचार किया गया, जिसमें जागरूकता रैली, समय-समय पर जागरूकता अभियान हेतु प्रभात फेरी, नशा मुक्ति हेतु मेले का आयोजन, संकीर्तन एवं भजन का आयोजन सभा के मुख्य बिंदु रहे। स्व सहायता समूह की महिलाओं से अनुरोध किया गया कि आसपास के क्षेत्र में जागरूकता फैलाएं। इस सभा का मुख्य उद्देश्य रहा आसपास के क्षेत्रों को पूर्ण रूपेण नशा से मुक्त कर देना। सरपंच प्रतिनिधि ने संकल्प लिया कि वह इस ओर जागरूकता पूर्वक कदम बढ़ाएंगे। उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने भी अपने सुवचनों द्वारा आश्वासन दिया कि युवा वर्ग और समाज को नशा मुक्त करेंगे। शाला की प्रधानाचार्य श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।



