नरहरपुर । कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी सर्च अभियान और डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुए (IED) विस्फोट में देश की रक्षा करते हुए 4, जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। इस दुखद घटना में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले और कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।
नरहरपुर क्षेत्र के ग्राम बरेठीनबाहरा निवासी शहीद जवान परमानंद कोर्राम जी का पार्थिव शरीर आज सुबह 11:00 बजे कांकेर से उनके गृहग्राम के लिए रवाना हुआ। जैसे ही उनका पार्थिव देह नरहरपुर नगर पहुंचा, वहां उपस्थित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने लाड़ले सपूत पर पुष्प वर्षा कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
वीर सपूत के सम्मान में नरहरपुर के अमोडा चौक पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहाँ उपस्थित ग्रामीण ने ससम्मान श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात, शहीद के पार्थिव शरीर को एक विशाल बाइक रैली के माध्यम से उनके गृहग्राम बरेठीनबाहरा ले जाया गया।
श्रद्धांजलि सभा के पश्चात शहीद के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बरेठीनबाहरा ले जाया गया। नरहरपुर से लेकर बरेठीनबाहरा तक ग्रामीणों ने एक विशाल बाइक रैली निकाली। पूरी राह ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंजती रही। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने अपने लाड़ले सपूत के सम्मान में फूल बरसाए और उनके साहस को नमन किया।
सर्च ऑपरेशन और डी-माइनिंग के दौरान हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इन चारों जवानों का बलिदान राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और वीरता का प्रतीक है।



