Home Blog स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा व वेलनेस को...

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा व वेलनेस को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता-स्वास्थ्य मंत्री

0

Promoting Quality Medical Education and Wellness, Alongside the Expansion of Healthcare Facilities, Is the Government’s Priority: Health Minister

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने मेडिकल कॉलेज परिसर में बहु-आयामी परियोजनाओं का किया भूमिपूजन

Ro.No - 13759/40

फिजियोथेरेपी कॉलेज भवन, 100 बिस्तर एमसीएच अस्पताल स्टाफ क्वार्टर एवं योग-प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र भवन का हुआ भूमिपूजन

रायगढ़, शासन द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने नवीन फिजियोथेरेपी महाविद्यालय भवन, 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) अस्पताल के लिए स्टाफ क्वार्टर तथा 10 बिस्तरीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र भवन के निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। भूमिपूजन किए गए निर्माण कार्यों में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय भवन हेतु 1393.71 लाख रुपये, 100 बिस्तर एमसीएच अस्पताल के लिए स्टाफ क्वार्टर निर्माण हेतु 393.79 लाख रुपये तथा 10 बिस्तरीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र हेतु 280.57 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा एवं वेलनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज रायगढ़ में जिन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है, वे आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में फिजियोथेरेपी कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे पैरामेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिला है। उन्होंने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने का संपूर्ण विज्ञान है। आने वाले समय में इसे बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा, ताकि लोग दवाओं पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक तरीके से स्वस्थ रह सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज तथा विशेष चिकित्सा इकाइयों की स्थापना की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। शासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का भूमिपूजन हुआ है, वे रायगढ़ के भविष्य को नई दिशा देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जैसे नर्सिंग कॉलेज, आधुनिक लाइब्रेरी, नदी तट विकास एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य भी प्रगति पर हैं, जो जिले के समग्र विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रायगढ़ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं सिकल सेल कार्ड का वितरण कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री दीपक महस्के, सांसद श्री राधेश्याम राठिया, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि श्री अरुणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएसी) के प्रबंध संचालक श्री रितेश कुमार अग्रवाल, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार जगत सहित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मंच का संचालन प्राचार्य श्री राजेश डेनियल ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here