Home Blog पेन्ड्रीतलाब एन में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू, ग्रामीणों में...

पेन्ड्रीतलाब एन में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर — नेताओं के प्रति जताया आभार

0

Long-Pending Road Construction Work Begins in Pendritalab N; Wave of Joy Among Villagers — Gratitude Expressed to Leaders

मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट

Ro.No - 13759/40

मुंगेली/लोरमी। ग्राम पंचायत पेन्ड्रीतलाब एन में लंबे समय से अधर में लटका सड़क निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। इस बहुप्रतीक्षित कार्य के शुरू होने पर ग्रामीणों ने तोखन साहू तथा अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ज्ञात हो कि पेन्ड्रीतलाब एन के पूर्व सरपंच जमुना प्रीतम दिवाकर द्वारा तत्कालीन विधायक एवं संसदीय सचिव रहे तोखन साहू के समक्ष गांव के विकास हेतु चार प्रमुख कार्यों की मांग रखी गई थी। इन मांगों में वनांचल क्षेत्र के अंतर्गत मुख्य मार्ग टिगीपुर में सड़क निर्माण, पाली मेन रोड से टिगीपुर तक डामरीकरण, कठमुड़ा से न्यू जल्दा तक सड़क निर्माण तथा नल-जल योजना के तहत पानी टंकी निर्माण शामिल थे।
इनमें से पाली से टिगीपुर, कठमुड़ा से जल्दा मार्ग और पानी टंकी का निर्माण कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका था, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली। हालांकि, पेन्ड्रीतलाब एन के अटल चौक से रमेश सतनामी के घर होते हुए कोटा-लोरमी मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ था। ठेकेदारों द्वारा इस कार्य को समय पर पूरा नहीं किए जाने के कारण यह परियोजना वर्षों तक लंबित रही, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों ने मामले को उपमुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के संज्ञान में लाया। नेताओं के हस्तक्षेप के बाद अब यह रुका हुआ सड़क निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ हो गया है।
सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के बन जाने से गांव की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, आवागमन आसान होगा और विकास को नई गति मिलेगी।
ग्राम पंचायत पेन्ड्रीतलाब एन के निवासियों ने एक स्वर में कहा कि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होने पर वे दोनों जनप्रतिनिधियों के प्रति आभारी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इसी तरह क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह कार्य न केवल बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here