‘All SDMs should make necessary preparations to deal with flood situation caused by rain’
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा
उत्तर बस्तर कांकेर, 10 सितंबर 2024/ कलेक्टर श्री निलेश महादेव क्षीरसागर ने आज जिला स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न मुद्दों पर समुचित कार्यवाही करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गत दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से जिले के विभिन्न इलाकों में पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने व सड़क सम्पर्क टूटने के संबंध में उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी तरह की आपात स्थिति निर्मित होने से पूर्व संभावित क्षेत्रों का दौरा कर वस्तुस्थिति से अवगत होकर आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो क्षेत्र के स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र जैसी संस्थाओं को बंद रखने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने बताया कि प्रति वर्षानुसार इस साल भी ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा का आयोजन आगामी 14 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके तहत् जिले में अभियान चलाकर शासकीय कार्यालयों सहित सार्वजनिक स्थानों, भवनों आदि में स्वच्छता कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ एवं सभी सीएमओ व संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। इसी तरह आकांक्षी ब्लॉकों में इस माह के अंत तक चिन्हांकित योजनाओं के तहत् सभी पात्र हितग्राहियों को सैचुरेट करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के द्वारा आगामी 12 एवं 13 सितम्बर को ली जाने वाली कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने बिंदुवार विभागीय जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री एस.अहिरवार, श्री बी.एस. उईके, श्री जितेन्द्र कुर्रे, जिला पंचायत सीईओ श्री सुमीत अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



