Review Meeting of Yoga Instructors Held in Bijapur; Oath Administered for Drug De-addiction
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित आदिवासी छात्रावास एवं आश्रमों में चल रही नि:शुल्क योग कक्षाओं के संचालन को लेकर डाइट कॉलेज बीजापुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने किया।
बैठक में योग प्रशिक्षकों से छात्रावासों एवं आश्रमों में संचालित योग गतिविधियों की जानकारी ली गई। प्रशिक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं और कमियों पर चर्चा करते हुए अध्यक्ष ने उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशिक्षकों को योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करते हुए आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी दी। इस दौरान नशामुक्ति अभियान के तहत सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई।
बैठक के पश्चात अध्यक्ष ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया और छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें उच्च शिक्षा के माध्यम से समग्र विकास के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर योगीराज साहू (प्राचार्य एवं प्रधान आर्य समाज बैद्यनाथपारा रायपुर), डॉ राकेश ठाकुर (चिकित्सा अधिकारी आयुष), रविकांत कुंभकार (परिवीक्षा अधिकारी), डॉ ज्योति साहू, हरप्रसाद खांडे (समाज कल्याण विभाग), भूपति नक्का सहित योग प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे।



