Home Blog मानवता की मिसाल: जागृति महिला समिति का अनूठा सेवा अभियान, प्याऊ से...

मानवता की मिसाल: जागृति महिला समिति का अनूठा सेवा अभियान, प्याऊ से लेकर पशु-पक्षियों तक राहत

0

A Beacon of Humanity: Jagriti Mahila Samiti’s Unique Service Campaign—Providing Relief Ranging from Drinking Water Stations to Animals and Birds

एमसीबी/हसदेव क्षेत्र।
भीषण गर्मी के बीच सामाजिक सेवा और मानवता की प्रेरणादायक पहल करते हुए जागृति महिला समिति, एईसीएल हसदेव क्षेत्र द्वारा खोंगापानी एवं लेदरी बस स्टैंड के पास दो भव्य निःशुल्क प्याऊ एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस सेवा अभियान के तहत राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराने के साथ-साथ सत्तू, गुड़-चना, अमूल छाछ एवं मौसमी फलों—जैसे तरबूज, खरबूज, केला, सेब और नाशपाती—का निःशुल्क वितरण किया गया। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों में इस सेवा का विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि समिति ने केवल मानव सेवा तक ही सीमित न रहकर मूक पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की टंकियों (नाद) की व्यवस्था की। यह पहल समाज में संवेदनशीलता और सभी जीवों के प्रति करुणा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई।
यह संपूर्ण आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बाला बिश्नोई के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में समिति की महिलाओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ इस सेवा कार्य को एक अभियान का रूप दिया।
इस पुनीत कार्य के पीछे प्रेरणा स्रोत एसईसीएल मुख्यालय से श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन रहीं। उल्लेखनीय है कि जागृति महिला समिति की सभी सदस्याएं ऐसे सामाजिक कार्य आपसी सहयोग से धनराशि एकत्र कर करती हैं, तथा किसी भी संस्था या अन्य स्रोत से कोई आर्थिक सहयोग प्राप्त नहीं होता।
स्थानीय नागरिकों ने इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सहयोग और सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं।

Ro.No - 13759/40

इस कार्यक्रम में डॉ. बिश्नोई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रीमती रुना मित्रा, श्रीमती तृप्ति पांडे, श्रीमती माला तिवारी, पूनम रानी, रूपा दत्ता, सुष्मिता मिश्रा, सुमन झाकड़, पुष्पा नेताम, श्रीमती मोनी बरुआ, रिचा जिंदल, स्नेहा नामदेव, स्मिता प्रधान, चंदा नामदेव, गिरिजा विश्वकर्मा, रीना बघेल, रंजना मिश्रा, ब्यूटी सहित अन्य सदस्याओं की सहभागिता सराहनीय रही।
यह आयोजन न केवल गर्मी में राहत देने वाला रहा, बल्कि यह संदेश भी देता है कि मानवता, सेवा और संवेदना ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here