Chief Minister Vishnudev Sai, Congress and Bhupesh Baghel have to be defeated in such a way that they cannot even look towards Rajnandgaon again.
कवर्धा। कांग्रेस ने अपने 5 साल के शासनकाल में कवर्धा को अशांत कर दिया था। यहाँ के तत्कालीन विधायक मोहम्मद अकबर के शह पर सनातनियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया, हिन्दू ध्वज का अपमान किया गया। भुनेश्वर साहू की हत्या हुई। पिछले 5 वर्षों में कवर्धा ने क्या-क्या नहीं देखा। लेकिन कवर्धा की जनता ने भी बता दिया कि जीत हमेशा सत्य की होती है, सनातन की होती है। यहाँ से कांग्रेस को उखाड़ फेंका और अब भूपेश बघेल को भी ऐसे हराना है, जिससे कि वो दोबारा राजनांदगांव की तरफ देख भी न सके।
कवर्धा में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कांग्रेस और भूपेश बघेल पर खूब बरसे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कांग्रेस और भूपेश बघेल पर खूब बरसे
सीएम साय ने पिछली कांग्रेस सरकार को लूट और घोटाले की सरकार बताते हुए कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। महादेव एप को निर्बाध रूप से चलाने के लिए 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा है। उनके इस कृत्यों को देखते हुए राजनांदगांव लोकसभा की जनता ने उसे भगाने के लिए पूरी तरह से कमर कस लिया है। कांग्रेसियों को फिर से मजा चखाना है।
विष्णु देव साय ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 3 महीने 23 दिन उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों का 2 साल का बकाया बोनस दिया। पी एस सी घोटाले की जांच सी बी आई को सौंपा और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। सीएम साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। सीएम साय ने श्री रामलला दर्शन योजना की याद दिलाते हुए जनता से कहा कि उनकी सरकार राम भक्तों को भांचा राम से मिलाने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के स्थापना दिवस पर दी अपनी शुभकामनाएं
जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित विशाल जनसमूह को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज के ही दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में भाजपा की स्थापना हुई थी, जिसके संस्थापक अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी थे, मैं उनको कोटिशः नमन करता हूँ। अटल जी ने कहा था – अँधेरा छंटेगा, सूरज उगेगा, कमल खिलेगा और कमल खिल गया, छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की सरकार बन गई।
मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा प्रवेश के लिए लगा कांग्रेसियों का तांता
जनसभा में फिर एक बार कांग्रेसियों में भाजपा प्रवेश के लिए उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रहे चंद्रशेखर शुक्ला और जोगी कांग्रेस के नेता जनपद सदस्य अश्वनी यदु ने अपने 250 सदस्यों के साथ भाजपा प्रवेश किया।



