अगर आपको सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का शौक है, तो यह आपके लिए पैसा कमाने का शानदार मौका है! भारत सरकार ने देश के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता और जल प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। अब आप अपने गांव की स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़ी रील्स बनाकर 5,000 रुपये तक का नकद पुरस्कार जीत सकते हैं।
क्या है यह पहल?
सरकार लोगों से आग्रह कर रही है कि वे अपने गांव की स्वच्छता, जल स्रोतों, वर्षा जल संचयन, शौचालय व्यवस्था या किसी भी सकारात्मक बदलाव की कहानी को वीडियो के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएं। जिन यूजर्स की रील्स सबसे अच्छी होंगी, उन्हें हर महीने नकद पुरस्कार के लिए चुना जाएगा।
कैसे करें अप्लाई?
रीलों की अवधि: आपको स्वच्छता और जल जीवन मिशन से जुड़ी 90 से 150 सेकंड की रील बनानी होगी।
अपलोड करने का तरीका: अपनी रील को विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
अंतिम तिथि: अप्लाई करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2025 है।
विजेता: हर महीने, टॉप 5 सर्वश्रेष्ठ रीलों को विजेता के रूप में चुना जाएगा।
MyGov Hindi के ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट किया गया है, “आपका गांव कितना स्वच्छ और सुजल है? तो चलिए, मोबाइल उठाइए, दिल से रील बनाइए और देश को दिखाइए! जीतिए 5,000 रुपए तक की नकद राशि!” इस ट्वीट में अप्लाई करने का लिंक भी दिया गया है।

आपका गांव कितना स्वच्छ और सुजल है? तो चलिए, मोबाइल उठाइए, दिल से रील बनाइए और देश को दिखाईए! जीतिए 5,000 रुपए तक की नकद राशि! अभी भाग लें: मेरीसरकार.भारत/hi/task/swachh
इन थीम्स पर बनाएं रील:
आपको अपनी रील इनमें से किसी एक थीम पर बनानी होगी:
- स्वच्छ सुजल गांव: विकसित भारत की ओर
- स्वच्छ सुजल गांव से देश की तरक्की
- स्वस्थ भारत: सुजल भारत
रील में क्या दिखाएं?
आपकी रील में यह दिखाना होगा कि स्वच्छ भारत मिशन (SBM) और जल जीवन मिशन (JJM) ने ग्रामीण स्थानीय समुदायों/व्यक्तियों के जीवन को कैसे आसान बना दिया है। इसके अलावा, आप इन मिशनों के प्रभाव को अपनी रील में शामिल कर सकते हैं:
- अर्थव्यवस्था और आजीविका पर असर।
- ग्रामीण नागरिकों और पर्यावरण, कृषि आदि के स्वास्थ्य पर प्रभाव।
- गाँवों में हुए व्यापक परिवर्तन।
- वाटर (पानी), सैनिटेशन (स्वच्छता) और हाइजीन (साफ-सफाई) (WASH) क्षेत्र में की गई पहलें।
इन खास बातों पर कर सकते हैं फोकस:
SBMG कॉम्पोनेन्ट (स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण):
- जल और स्वच्छता से संबंधित व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वच्छता।
- सामुदायिक स्वच्छता की पहलें।
- अपने आस-पास स्वच्छता से संबंधित पहलुओं को दिखाना।
- उचित स्वच्छता/शौचालय के महत्व।
- शौचालय की सुविधा तक पहुंच में आने वाली चुनौतियों को हल करना।
- स्कूलों और समुदायों में मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता को बढ़ावा देना।
- परिसर में साफ-सफाई दिखाना।
- ग्रे-वाटर प्रबंधन पहलें।
JJM कॉम्पोनेन्ट (जल जीवन मिशन):
- घर पर नल का साफ जल मिलने से जीवन जीने में आसानी।
- दैनिक जीवन में JJM का प्रभाव।
- जल बचाने वाली तकनीकें।
- साफ, सुरक्षित और स्वास्थ्य जल के सेवन का महत्व।
- वर्षा जल संचयन के तरीके।
- जल संसाधनों का कुशल उपयोग।
- जल को शुद्ध करने की अभिनव तकनीकें।
- जल की स्वच्छता और साफ-सफाई से जुड़े सामाजिक और सांस्कृतिक मानदंडों को संबोधित करना।
- ग्रामीण/शहरी क्षेत्रों में WASH प्रथाओं को बढ़ावा देना।
तकनीकी जानकारी:
- वीडियो फॉर्मेट: MP4, AVI या MOV फॉर्मेट।
- न्यूनतम रिज़ॉल्यूशन: 720p।
- अवधि: 90 सेकंड से 150 सेकंड।
- भाषा: वीडियो हिंदी या अंग्रेजी में हो सकते हैं। यदि क्षेत्रीय भाषा में हैं, तो सबटाइटल (उपशीर्षक) भी जोड़ने होंगे।



