Home Blog सपनों को मिली उड़ान: अबूझमाड़ के छात्रों ने केंद्र सरकार के विद्यालयों...

सपनों को मिली उड़ान: अबूझमाड़ के छात्रों ने केंद्र सरकार के विद्यालयों में चयन

0

नारायणपुर– अबूझमाड़ के सुदूर वनांचल क्षेत्र से एक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। विकासखंड ओरछा स्थित बालक आश्रम तोके के मेधावी छात्रों ने शिक्षा सत्र 2024-25 के जवाहर नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने क्षेत्र और संस्था का गौरव बढ़ाया है।
प्रथम मेरिट सूची में चयनित छात्रों में चि. वेदराज पढ़िहार, चि. विहान मंडावी, चि. रजनू वड़दा, चि. मयंक नुरेटी, और चि. अनिल कोर्राम शामिल हैं। इन सभी छात्रों ने कड़ी मेहनत और लगन से परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर ये सिद्ध कर दिया कि संसाधनों की कमी प्रतिभा की राह नहीं रोक सकती। अब ये छात्र कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करेंगे। उनकी शिक्षा का समस्त व्यय केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इस अवसर पर सभी चयनित छात्रों ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन को दिल से धन्यवाद दिया है। छात्रों ने विशेष रूप से आश्रम अधीक्षक, प्रधान अध्यापक एवं संस्था के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया।
इस गौरवशाली क्षण पर आदिम जाति कल्याण विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह, अधीक्षक बुधराम कुमेटी, मण्डल संयोजक अजय तिवारी, वासुदेव भारद्वाज, एवं प्रधान अध्यापक रमलू नेताम उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। अधीक्षक बुधराम कुमेटी ने कहा, “इस सफलता के पीछे बच्चों की कठिन मेहनत के साथ-साथ संस्था के शिक्षकों और आश्रम कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है।”
गौरतलब है कि बालक आश्रम तोके ने पिछले वर्षों में 55 से अधिक बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय, प्रयास आवासीय विद्यालय, गुरुकुल पब्लिक स्कूल, संस्कार सिटी इंटरनेशनल, एकलव्य विद्यालय, और जेपी इंटरनेशनल जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की नींव रखी है। यह सफलता न केवल इन बच्चों के लिए बल्कि पूरे अबूझमाड़ क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो बताता है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो हर कठिनाई को पार किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here