रायगढ़। हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत कुमार पांडेय का मंगलवार, 06 जनवरी 2026 की सुबह अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से अधिवक्ता जगत सहित पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनीत कुमार पांडेय मंगलवार सुबह अपने प्रकरणों से संबंधित कार्य कंप्यूटर पर कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया। सूचना मिलते ही चिकित्सक डॉ. रूपेंद्र पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनका निधन हो चुका था।
विनीत कुमार पांडेय एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता परिवार से थे। उनके पिता स्वर्गीय प्रभात कुमार पांडेय दीवानी एवं फौजदारी मामलों के जाने-माने अधिवक्ता रहे और जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। वहीं उनके दादा स्वर्गीय दौलत राम पांडेय भी विधि क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखते थे।
मिलनसार स्वभाव और सौम्य व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले विनीत कुमार पांडेय अपने पीछे बड़ी बहन विभा पांडेय, बड़े भाई हाईकोर्ट अधिवक्ता विवेक कुमार पांडेय, तथा छोटे भाई विश्वास पांडेय और विष्णु पांडेय को शोकाकुल छोड़ गए हैं।
उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह 9:00 बजे, सर्किट हाउस के पास स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकसंतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दें।



