Firing at polling booth in Manipur, EVM vandalism! Voting stopped at 5 booths due to firing, voters ran to save their lives, 3 injured
नॉर्थ ईस्ट के मणिपुर स्थित मोइरांग में शुक्रवार (19 अप्रैल, 2024) को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच बवाल हुआ. मोइरांग विधानसभा क्षेत्र के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र के पास गोलीबारी की घटना सामने आई.
ऐसा बताया गया कि गोलीबारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. गोलियों की आवाज सुन मतदाता भाग गए. हालांकि, राहत की बात यह है कि इस गोलीबारी में किसी को चोट नहीं आई. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें मतदाता भागते हुए नजर आए.
इंफाल पूर्व के मतदान केंद्र पर घुसपैठ का प्रयास!
इंफाल पूर्व के खोंगमान में इससे पहले एक मतदान केंद्र में घुसपैठ की कोशिश की गई थी. सूत्रों ने बताया कि हथियार बंद बदमाश पोलिंग बूथ में घुस आए थे और उन्होंने ईवीएम को तोड़ दिया था. यही नहीं, उनके हमले में तीन लोग भी घायल हो गए थे.
EVM में तोड़फोड़
घटना के वक्त पुलिस अधिकारी और राजनीतिक दलों के एजेंट भी मौजूद थे. हथियार बंद अराजक तत्व पोलिंग बूथ पर फर्जी वोट डालने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने ईवीएम में तोड़फोड़ की.
पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पोलिंग बूथ पर हुई हिंसा की घटना को देखते हुए मौके पर भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है, जबकि मणिपुर की दो लोकसभा सीटों (इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर) पर शुक्रवार को मतदान शाम छह बजे तक चलेगा.
सीएम एन बीरेन सिंह ने डाला वोट
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ जगहों पर अशांति की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं। इनर मणिपुर लोकसभा सीट के तहत थोंगजू विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय लोगों और अज्ञात बदमाशों के बीच झड़प हो गई। इस बीच, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने लुवांगसांगबाम ममांग लीकाई में अपना वोट डाला और लोगों से राज्य के मूल लोगों को बचाने और इसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।
मणिपुर में अब तक कितनी वोटिंग हुई
मणिुर में राज्य की दो लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर सीट शामिल है। अब तक राज्य में एक बजे तक तकरीबन 46.92 फीसदी मतदान हो चुका है। बता दें कि आउटर मणिपुर सीट के हिंसा प्रभावित इलाकों के कुछ बूथ पर 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी। मणिपुर में पिछले साल 3 मई से हिंसा जारी है।
ये उम्मीदवार मैदान में खड़े
2019 के चुनाव में इनर मणिपुर बीजेपी के थौनाओजम बसंत कुमार सिंह ने जीती थी। इस सीट से एक बार फिर बसंत कुमार सिंह को मैदान में उतारा गया है। वहीं, आउटर मणिपुर की सीट एससी कैटेगरी के लिए रिजर्व है। इस सीट को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले अलायंस एनडीए (NDA) में शामिल नागा पीपुल्स फ्रंट के नेता कचुई टिमोथी जिमिक ने जीती थी। एक बार फिर से पार्टी ने उन्हीं पर भरोसा जताया है और चुनावी मैदान में उतारा है।



