Australia’s Prime Minister furious over not removing content from Elon Musk, calls him an arrogant billionaire
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने एलन मस्क की आलोचना करते हुए उन्हें ‘घमंडी अरबपति’ कहा है। मस्क इन दिनों चर्च में हुई चाकूबाजी की फुटेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर से नहीं हटाने को लेकर एक बड़े विवाद में चल रहे हैं। बीते दिन (23 अप्रैल) एक ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स को सिडनी में पिछले सप्ताह हुए हमले के वीडियो छिपाने का आदेश दिया।
कंपनी ने नहीं हटाया वीडियो
पुलिस ने इस हमले को आतंकी हमला बताया, लेकिन इसकी गंभीरता के बावजूद एक्स ने शुरू में इस वीडियो कॉल नहीं हटाया। पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के ई-सेफ्टी कमिश्नर, एक स्वतंत्र नियामक ने एक्स और अन्य सोशल मीडिया कंपनियों को धमकी दी थी कि अगर वे असीरियन क्राइस्ट द गुड शेफर्ड चर्च में चाकूबाजी के वीडियो नहीं हटाते हैं, तो उन पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। एक्स ने तर्क दिया है कि यह आदेश ऑस्ट्रेलियाई कानून के दायरे में नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
चर्च में हुई चाकूबाजी की घटना के वीडियो से जुड़े एक सवाल पर जवाब देते हुए प्रधानमंत्री अल्बानीज ने कहा, “मस्क सोचते हैं कि वे कानून से ऊपर हैं।” उन्होंने आगे कहा, “सोशल मीडिया को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। मस्क कोई जिम्मेदारी नहीं दिखा रहे हैं।” यह मामला अभी भी कोर्ट में है और इस पर अगली सुनवाई कल हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया के ई-सेफ्टी कमिश्नर और एक्स के बीच इससे पहले भी विवाद हो चुका है।
क्या है मामला?
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में एक चर्च में कुछ ही दिनों पहले एक चाकूबाजी की घटना हुई थी। यहां एक 16 साल के लड़के ने चर्च के एक पादरी पर इस्लाम की आलोचना का आरोप लगाते हुए उसे चाकू मार दी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तौर से वायरल हुआ। बाद में ऑस्ट्रेलिया के दूरसंचार नियामकों ने एक्स से इस वीडियो से जुड़े कुछ पोस्ट्स और कमेंट्स हटाने के लिए कहा।
हालांकि, एक्स की तरफ से इस मामले में कार्रवाई न किए जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को दूरसंचार नियामक का आदेश मानने को कहा। बाद में एक्स ने इस वीडियो को अपने प्लेटफॉर्म से पूरी तरह हटाने की जगह सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में स्थित यूजर्स के लिए हटाया। एक्स का तर्क था कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार पूरी दुनिया में दिखाए जाने वाली सामग्री को लेकर मनमानी नीहं कर सकती।
ऑस्ट्रेलियाई पीएम की मस्क को खरी-खरी
इसी के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने एक्स के मालिक एलन मस्क पर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया कंपनियों को जिम्मेदार होना चाहिए, लेकिन मस्क इस हिंसा से भरी सामग्री को अपने प्लेटफॉर्म पर रखने के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम इस घमंडी अरबपति, जो सोचता है कि वह कानून और आम शालीनता से भी ऊपर है, से निपटने के लिए जो भी जरूरी होगा वह करेंगे।”
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार की तरफ से इस वीडियो को एक्स से हटाने की मांग के दौरान मस्क ने सरकार की ई-सेफ्टी कमिश्नर पर तंज कसा था। मस्क ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया की सेंसरशिप अधिकारी करार दिया था। इतना ही नहीं एलन मस्क ने यहां तक कह दिया था कि एक्स स्वतंत्र अभिव्यक्ति और सच के साथ खड़ा है, जबकि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सिर्फ सेंसरशिप और प्रोपेगैंडा से चलते हैं। इसको लेकर भी अल्बानीज ने मस्क पर निशाना साधा और कहा कि ऑस्ट्रेलिया की ई-सेफ्टी कमिश्नर नागरिकों के हितों की रक्षा का काम कर रही हैं।



