Farmer found hanging from noose; Feet were touching the ground, dead body of a woman found in a semi-nude condition in the field, murder of husband and wife in Amroha.
कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर मिल्क में पति-पत्नी की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पति का शव खेत में मचान पर फंदे पर लटका मिला। जबकि, पत्नी का शव खेत में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं, छह माह की मासूम बेटी मचान पर सोती हुई मिली।
गांव निवासी 30 वर्षीय युवक मंगलवार को अपनी बहन के घर से घूम कर आए थे। देर रात में उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी कि चार लोगों ने उन्हें परिवार सहित घेर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घर पर उनकी तलाश की, लेकिन उनके घर पर नहीं मिलने पर पुलिस इधर-उधर देखकर वापस लौट गई।
खेत पर देखे लोगों ने शव
बुधवार सुबह दिन निकलने पर खेत पर काम करने पहुंचे लोगों ने देखा तो युवक का शव मचान पर फंदे पर लटका हुआ था। मचान से कुछ दूर खेत में उनकी पत्नी का शव अर्धनग्न हालत में पड़ा मिला। शव से कुछ दूर उसके कपड़े भी पड़े हुए थे।
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि दंपती की मौत के मामले में सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल चल रही है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द मामले का राजफाश किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से किसान के घर के बारे में पूछा और बताया कि किसान ने सूचना दी है कि उसे चार लोगों ने घेर लिया है। लिहाजा पुलिस और ग्रामीणों ने किसान दंपती की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद रात तीन बजे डायल 112 पुलिस पहुंची। इस दौरान भी किसान दंपती का कोई सुराग नहीं लगा। किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि दंपती के साथ कोई घटना हो गई है। बुधवार सुबह जब गांव के लोग खेतों पर पहुंचे तो किसान और उसकी पत्नी के शव अपने ही ममेरे भाई के खेत में पड़े मिले।
जबकि दंपती की छह वर्षीय बेटी मचान पर सो रही थी। घटना के बाद लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। इस दौरान किसान का शव खेत में बने मचान पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था, जबकि उसके घुटने जमीन से भिड़े हुए थे।
यहां से दस मीटर दूर किसान की पत्नी का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। महिला के गले पर निशान हैं। देखने में ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे महिला की गला दबाकर हत्या की गई है और किसान की हत्या करने के बाद फंदे पर लटकाया गया है। महिला के शव के आसपास टूटी हुई चूड़ी, चप्पल और हसली पड़ी मिली है।
एसपी के आदेश पर फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए हैं। पुलिस छानबीन कर रही है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि पति पत्नी की मौत के मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


