रोजगार सहायक पर फर्जी फोटो अपलोड कर राशि निकालने का आरोप
मुंगेली । छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है । मुंगेली जिला के लोरमी जनपद पंचायत में आने वाले ग्राम पंचायत सावतपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गंभीर फर्जीवाड़ा किया गया है। ग्राम वासियों ने अतिरिक्त प्रभार वाले रोजगार सहायक श्रीमती शीतला कुर्रे पर आरोप लगाया है कि उन्होंने फर्जी तरीके से दूसरे पूर्ण आवास का ऑनलाइन फोटो अपलोड कर योजना के तहत मिलने वाली दूसरी, तीसरी और चौथी किस्त की राशि निकाल ली है। साथ ही, मनरेगा मजदूरी भुगतान में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामवासियों की शिकायत पर कलेक्टर ने गठित की जांच टीम
कलेक्टर जनदर्शन में लीलाधर निषाद और अन्य ग्राम वासियों की शिकायत पर जांच टीम गठित हुई थी , जिसने अपने जांच प्रतिवेदन में बताया कि 18 हितग्राहियों में से 9 हितग्राहियों ने सामूहिक बयान में कहा है कि उन्हें आवास निर्माण के लिए एक लाख 20 हजार रुपए मिल चुके हैं। हालांकि, कुछ हितग्राहियों के मकान की नींव का कार्य पूर्ण नहीं है और कुछ का निर्माण कार्य बारिश के कारण रुका हुआ है।जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि सुंदर वल्द सदाराम और अनीता पति श्रवण के मकान अप्रारंभ हैं। सुंदर की मृत्यु दो वर्ष पूर्व हो चुकी है और उनके पुत्र साहेबलाल रामसाय ,टेकू बाहर रहते हैं। टेकु ने भी इस मामले में कॉल पर जानकारी दी है।
जांच प्रतिवेदन में भी छुपाई गई सच्चाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच प्रतिवेदन में यह नहीं बताया गया है कि किसी दूसरे आवास का ऑनलाइन फोटो अपलोड कर किस्त की राशि निकाली गई है। यह जानकारी जांच प्रतिवेदन में छुपाई गई है,और जांच दल ने रोजगार सहायक और हितग्राहियों को 15 दिवस के अंदर कार्य पूर्ण करने के लिए नोटिस देने की अनुशंसा की है । ऐसा नहीं करने पर राशि वसूली का प्रस्ताव रखा है।
जांच रिपोर्ट से स्पष्ट है कि जांच में खानापूर्ति की गई है और रोजगार सहायक को बचाने की पूरी कोशिश की गई है। 9 हितग्राहियों ने सामूहिक बयान में बताया है कि 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि निकाली जा चुकी है, जबकि काम अधूरा है। यह सीधे तौर पर गबन का मामला प्रतीत होता है और बेहद गंभीर विषय है । ग्रामीणों का मानना है कि शासन प्रशासन को इसे गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। ग्राम पंचायत के निवासियों की शिकायतें इस बात की ओर इशारा करती हैं कि योजना के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं।
वही लोरमी जनपद के सीईओ द्वारा रोजगार सहायक सचिव की बर्खास्तगी की कार्यवाही करने की बात कही गई है।
सी ई ओ, लोरमी जनपद



