Home Blog Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट आउटेज पर आया सिविल एविएशन मिनिस्ट्री का बयान, भारत...

Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट आउटेज पर आया सिविल एविएशन मिनिस्ट्री का बयान, भारत में कब पूरी तरह ठीक होगा एयरलाइन सिस्टम?

0

Microsoft Outage: Civil Aviation Ministry’s statement on Microsoft outage, when will the airline system in India be completely fine?

माइक्रोसॉफ्ट के आउटेज की वजह से प्रभावित हुई उड़ान सेवाएं शनिवार सुबह से सामान्य रूप से ऑपरेट होने लगीं हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को देश भर में उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ था. इसके बाद भारत के हवाई अड्डों पर एयरलाइन सिस्टम ने शनिवार सुबह 3 बजे से सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया. वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि पहले की तरह सारा सिस्ट शनिवार दोपहर 3 बजे तक काम करने लगेगा.
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया, “ट्रैवल एडजस्टमेंट और रिफंड प्रोसेस का भी ध्यान रखा जा रहा है. सुबह 3 बजे से हवाई अड्डों पर एयरलाइन सिस्टम ने सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया है. अब उड़ान संचालन सुचारू रूप से चल रहा है. कल आई दिक्कत के कारण कुछ बैकलॉग है.. और इसे धीरे-धीरे दूर किया जा रहा है. हमें उम्मीद है कि आज दोपहर तक सभी मुद्दे हल हो जाएंगे और सारी सेवाएं दोपहर तक बहाल हो जाएंगी.”

Ro.No - 13672/156

एविएशन सेक्टर पर पड़ा था सबसे ज्यादा असर

बता दें कि शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट 365 और एज्योर सेवाओं के बंद होने का सबसे ज्यादा असर एविएशन सेक्टर पर देखने को मिला था. भारत में इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर सहित सैकड़ों उड़ानें देरी से चल रही थीं और कई रद्द कर दी गईं थीं. दरअसल, सर्वर डाउन होने की वजह से एयरलाइन ऑपरेटरों के सिस्टम भी काम नहीं कर रहे थे और उन्हें सारा प्रोसेस मैन्युअली करना पड़ रहा था. फ्लाइट रडार 24 के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पर 400 से ज़्यादा उड़ानों में देरी हुई और 50 से ज़्यादा फ्लाइट कैंसल कर दी गईं.

एयरपोर्ट और एयरलाइंस क्यों प्रभावित हुए?

यह सारी दिक्कत आंशिक रूप से प्रमुख अमेरिकी साइबर सुरक्षा फर्म क्राउडस्ट्राइक की ओर से जारी किए गए गलत सॉफ़्टवेयर अपडेट से उत्पन्न हुआ था. दुनिया भर में प्रमुख एजेंसी और संस्थान क्राउडस्ट्राइक की ओर से विकसित सॉफ़्टवेयर का उपयोग करते हैं, यही वजह है कि उनके सभी सिस्टम एक ही समय में आउटेज का सामना करने लगे थे.

क्राउडस्ट्राइक के CEO जॉर्ज कर्ट्ज ने माफी मांगी

अमेरिकी एंटी-वायरस कंपनी क्राउडस्ट्राइक के CEO जॉर्ज कर्ट्ज ने परेशानी के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने प्रॉब्लम सॉल्व कर दी है, लेकिन सभी सिस्टम सामान्य रूप से चलने में कुछ समय लग सकता है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- क्राउडस्ट्राइक सभी प्रभावित कस्टमर्स और पार्टनर्स के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी सिस्टम बहाल हो जाएं।

माइक्रोसॉफ्ट OS पर चलने वाले ज्यादातर कंप्यूटर्स की स्क्रीन नीली हुई थी

दरअसल, क्राउडस्ट्राइक की ओर से माइक्रोसॉफ्ट विंडोज यूजर्स को दिए गए एक सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण हुई यह दिक्कत आई थी। इससे माइक्रोसॉफ्ट ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले दुनियाभर के करोड़ों सिस्टम की स्क्रीन नीली हो गई और कंप्यूटर ऑटोमेटिक स्टॉर्ट होने लगा। दुनियाभर में एयरपोर्ट, फ्लाइट, ट्रेनें, हॉस्पिटल, बैंक, रेस्तरां, डिजिटल पेमेंट, स्टॉक एक्सचेंज, टीवी चैनल से लेकर सुपर मार्केट जैसी जरूरी सेवाएं रुक गईं।
क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण ही माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में परेशानी आई है। इस आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने तुरंत कहा कि यह एक “थर्ड पार्टी इश्यू” है। दूसरे शब्दों में- ये उसकी गलती नहीं थी। माइक्रोसॉफ्ट के पास समस्या से निजात पाने का कोई ‘प्लान बी’ नहीं था। वह इंतजार करती रही कि खुद साइबर सिक्योरिटी फर्म इसे दूर करेगी।

दुनियाभर में 4295 फ्लाइट कैंसिल हुईं

माइक्रोसॉफ्ट ऑपरेटिंग सिस्टम पर आई खराबी का सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट पर देखा गया। दुनियाभर में कल करीब 4,295 फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ीं। केवल अमेरिका में ही 1100 फ्लाइट रद्द और 1700 डिले हुईं। भारतीय समयानुसार इसका असर शुक्रवार सुबह 10:40 बजे दिखना शुरू हुआ था। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु समेत देश के बड़े एयरपोर्ट पर भारी भीड़ देखी गई। ऑनलाइन सर्विसेज ठप होने से कई एयरपोर्ट पर फ्लाइट बोर्डिंग पास हाथ से लिखकर दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here