Gram Sabha is capable of solving many problems at the local level: Collector
ग्राम लिलेझर में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में मौके पर 66 का हुआ निबटारा
उत्तर बस्तर कांकेर, 31 जुलाई 2024/जिले के चारामा विकासखण्ड के ग्राम लिलेझर में आज जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में ग्रामीणों की ओर से कुल 191 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 66 का मौके पर निराकरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उक्त शिविर के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके ग्राम में ही मौके पर यथासंभव करना है। उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय स्तर की अनेक समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामसभा सक्षम है और उसके माध्यम से विभिन्न मांगों व प्रकरणों का निदान किया जाना संभव है।
कलेक्टर ने आगे कहा कि ग्रामसभा के माध्यम से कचरा प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, कर वसूली सहित अनेक सकारात्मक गतिविधियों को परस्पर सामंजस्य एवं सामूहिक निर्णय से सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एक से 15 अगस्त तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण किया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी ग्रामीणों से उक्त अभियान का हिस्सा बनकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। शिविर में जनपद पंचायत चाराम के अध्यक्ष श्री अरूण मरकाम ने अपने उद्बोधन में ग्रामीणों को शिविर का लाभ लेने तथा विभागीय योजनाओं से अवगत होने की बात कही। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल ने सभी ग्रामीणों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस दौरान कलेक्टर, जनपद पंचायत चारामा के अध्यक्ष सहित उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महतारी वंदन योजना की महिला हितग्राहियों को 250 नग फलदार पौधे वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इसी तरह उद्यानिकी विभाग की ओर से पोषणबाड़ी योजना के तहत 15 हितग्राहियों को आम, अमरूद, पपीता और कटहल के पौधे बांटे गए तथा 20 अन्य कृषकों को भिण्डी, लौकी, गिल्की के बीज निःशुल्क वितरित किए गए। इसके अलावा मछली पालन विभाग की ओर से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 04 मछली पालकों को आईस बाक्स निःशुल्क प्रदाय किया गया। साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा 03 ग्रामीणों को सहायक उपकरण के तौर पर छड़ी एवं बैसाखी वितरित की गई।
ग्राम लिलेझर में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कैम्प लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा उनका नियमानुसार लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार औषधि वितरित की गई। शिविर में सर्वाधिक 66 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्राप्त हुए। इसी तरह विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से राजस्व विभाग को 16, आदिम जाति विकास विभाग को 14, खाद्य विभाग को 12 और विद्युत विभाग एवं समाज कल्याण विभाग को 11-11, स्कूल शिक्षा विभाग को 09, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 08 और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग को 07 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर यथासंभव निराकरण किया गया।



