Annual festival Umang-2025 organized at Agricultural College and Research Center
उत्तर बस्तर कांकेर 24 फरवरी 2025/ रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कांकेर एवं कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र पखांजूर के संयुक्त तत्वाधान में वार्षिक उत्सव उमंग-2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल व विशिष्ट अतिथि कलेक्टर कांकेर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के आधिपत्य में किया गया। अधिष्ठाता, डॉ. नितिन कुमार रस्तोगी ने सम्मानीय अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं जिला प्रशासन के द्वारा स्वीकृत निर्माण एवं निर्माणाधीन कार्यो जैसे महाविद्यालय से बालक छात्रावास तक सी.सी. रोड, बालिका छात्रावास के चारों ओर बाउंड्रीवॉल, महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम, महाविद्यालय भवन के सामने सड़क पर ट्रेचिंग वॉल सीताफल बगीचे में जलनिकास निर्माण से संबंधित बातों पर प्रकाश डाला। कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए छात्र-छात्राओं को अच्छे वातावरण निर्मित करने के लिए उपयोगी संसाधन जैसे कम्प्युटर, फर्नीचर, पत्रिकाएं, खेल सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही साथ ही छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सामाजिक गतिविधियों में भी भाग लेकर अपने आप को सुदृढ़ बनाने को कहा। मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने छात्र-छात्राओं को नवीन शिक्षा निति के पाठ्यक्रम में संचार कौशल का महत्व एवं व्यक्तित्व निर्माण मे योगदान पर अवगत कराते हुए कहा हम कृषि शिक्षा प्राप्त कर, तकनीकी ज्ञान किसानो तक कैसे पहुंचाये ये बातें वर्तमान शिक्षानिति से पूरा किया जा सकता है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, नई दिल्ली के दिशा निर्देश के तहत हो रहे अध्यापन एवं उपलब्ध संसाधन से भविष्य में दूसरे राज्यों के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा प्राप्त करने का एक अच्छा मौका होगा साथ ही राज्य के बच्चे दूसरे राज्य के प्रवेशित बच्चों के साथ अपना भविष्य बना सकते है। कार्यक्रम के दौरान खेलकूद, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व के क्षेत्र में अपना जौहर दिखाने वाले छात्र-छात्राओं को पदक व प्रमाण पत्र वितरित किया गया, जिसमें स्टूडेंट ऑफ दी ईयर का खिताब तनीषा पटेल ने अपने नाम किया व छात्र छात्राओं ने गेड़ी डान्स, बस्तरिया लोक नृत्य, क्लासिक डांस, छत्तीसगढ़ी व अन्य राज्यों के लोकननृत्यों की नयनाभिराम प्रस्तुति देकर अतीथियों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने महाविद्यालय में चल रहे अनुसन्धान कार्य, छात्रावासों और निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर प्राध्यापकों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करने की बात कही व महाविद्यालय की प्रगति पर खुशी जाहिर करते हुए, महाविद्यालय के ग्रेडिंग के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। इस दौरान छात्र संघ के पदाधिकारियों को शपथग्रहण भी कुलपति डॉ गिरीश चंदेल ने कराया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर डॉ. बीरबल साहू सहित महाविद्यालय के कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।




