Home Blog सुशासन तिहार-2025 : मुख्य सचिव ने वर्चुअल बैठक लेकर प्रशासनिक तैयारियों के...

सुशासन तिहार-2025 : मुख्य सचिव ने वर्चुअल बैठक लेकर प्रशासनिक तैयारियों के दिए निर्देश

0

Sushasan Tihar-2025: Chief Secretary held a virtual meeting and gave instructions for administrative preparations

जिले से कलेक्टर श्री क्षीरसागर हुए सम्मिलित

Ro.No - 13672/156

उत्तर बस्तर कांकेर, 07 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार आगामी 08 अप्रैल से 31 मई तक जिला सहित पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार मनाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में निवासरत आम जनता की समस्याओं एवं मांगों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। सुशासन तिहार के प्रथम चरण में 08 से 11 अप्रैल तक आवेदन प्राप्त किया जाएगा तथा ऑनलाइन व ऑफलाइन (समाधान पेटी) दोनों माध्यमों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अभिताभ जैन ने आज सभी कलेक्टरों की वर्चुअल बैठक लेकर सुशासन तिहार के संबंध में प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले से कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर आज सुबह 11 बजे वीसी कक्ष में उक्त वीडियो कान्फ्रेंसिंग में सम्मिलित हुए।
मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि सुशासन तिहार मुख्यतः जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर आधारित है। अतः सभी कलेक्टर यह सुनिश्चित करें कि ग्रामीणों की समस्याओं का वास्तविक समाधान किया जाए, साथ ही निराकरण की गुणवत्ता पर भी जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग हो। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर निराकरण हेतु अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अनुविभाग, तहसील तथा जनपद स्तर पर इसके क्रियान्वयन के लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने के लिए भी सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया। मुख्य सचिव ने यह भी बताया कि इसके तहत प्राप्त आवेदनों की राज्य स्तर पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। अतः संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निराकरण गंभीरता एवं पूर्ण गुणवत्ता के साथ करने के लिए निर्देशित करें। इसके अलावा मुख्य सचिव श्री जैन ने आवेदन प्राप्त करने से लेकर उनके समाधान तक प्रत्येक स्तर पर सतत निगरानी रखने के भी निर्देश बैठक में दिए। उन्होंने बताया कि मई माह में आयोजित होने वाले समाधान शिविरों में मुख्यमंत्री, केबिनेट मंत्री तथा राज्य स्तर के अधिकारियों द्वारा दौरा कर निराकरण की गुणवत्ता परखी जाएगी। श्री जैन ने हर हाल में समस्याओं के निराकरण की गुणवत्ता पर फोकस करने के निर्देश सभी कलेक्टरों को दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर द्वय श्री एस. अहिरवार, श्री बी.एस. उईके तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here