Nutrition fortnight begins from today, the collector held a meeting and gave necessary instructions
22 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां
उत्तर बस्तर कांकेर 08 अप्रैल 2025/महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत पोषण अभियान अंतर्गत पोषण पखवाड़ा 2025 का आगाज आज से किया गया, जो आगामी 22 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिला स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न विभागों को सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, साथ ही प्रत्येक विभाग को ऑनलाईन एंट्री करने के लिए भी निर्देशित किया।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में टीएल मीटिंग के उपरांत आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 08 से 22 अप्रैल के बीच पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभागों के द्वारा विभिन्न थीम पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें कुपोषण मुक्ति हेतु जनजागरूकता एवं समुदाय तक पहुंच संबंधी गतिविधियां, आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण के साथ शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्व-सहायता समूहों की बैठक, खेलकूद गतिविधियां, टीकाकरण शिविर, गर्भवती महिलाओं की जांच, अन्नप्राशन, योग शिविर, मिलेट आधारित परंपरागत खाद्य पदार्थ, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, डायरिया प्रबंधन, एनिमिया उन्मूलन आदि से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पंचायतीराज एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं, महिला स्व-सहायत समूहों आदि को शामिल कर कुपोषण के विरूद्ध अभियान चलाने के निर्देश शासन से प्राप्त हुए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने यह भी बताया कि उक्त अवधि में आयोजित की जाने वाली दैनिक गतिविधियों को पोर्टल पर प्रविष्ठ करने के निर्देश कार्य योजना अनुसार दिए गए हैं। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के अलावा स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत, नगरीय निकाय, शिक्षा, आयुष, खेल, कृषि, उद्यानिकी, समाज कल्याण, खाद्य, वन, जनसंपर्क, पशुधन विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम विभाग शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशानुसार गतिविधियां आयोजित कर ऑनलाईन एंट्री करने के निर्देश बैठक में दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिलाई पोषण अभियान में सहभागिता की शपथ
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सभी उपस्थित अधिकारियों को शासन द्वारा चलाए जा रहे पोषण अभियान में सक्रिय सहभागिता के साथ शामिल होने तथा आसपास के लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डीएफओ श्री आलोक वाजपेयी, श्री हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर श्री एस. अहिरवार, श्री बी.एस. उईके एवं सभी अनुविभागीय अधिकारीगण और संबंधित विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।




